अब बीपीएल परिवारों से संबंधित लोगों के घरों के बाहर गरीबी का फट्टा लगाया जाएगा। पीली पृष्ठभूमि वाले काले रंग के ये बोर्ड बनाए जाएंगे। इनमें बीपीएल सूची के परिवारों का विवरण उनके घरों के बाहर प्रमुखता से प्रदर्शित होगा। यह निर्णय बीपीएल परिवारों के उत्थान के लिए चलाई जा रहीं सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से लिया गया है।
बीपीएल परिवारों से संबंधित लोगों के घरों के बाहर गरीबी का फट्टा लगाने के आदेश कांगड़ा जिला प्रशासन ने जारी कर दिए हैं। उपायुक्त कांगड़ा रितेश चौहान ने बताया कि इन लाभार्थियों को स्पष्ट रूप से चिह्नित किया जाएगा। सितंबर 2015 में धर्मशाला में आयोजित जिला स्तरीय शिकायत निवारण कमेटी की बैठक में निर्णय लिया गया था कि बीपीएल सूची के परिवारों का विवरण उनके
निवास स्थान के बाहर प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि ऐसे परिवारों की पहचान कर इनके उत्थान को लक्षित सरकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित हो। प्रशासन से जारी अधिसूचना के अनुसार बीपीएल परिवार के निवास स्थान के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप दीवार पर परिवार के मुखिया का नाम, परिवार का बीपीएल नंबर, परिवार के सदस्यों की संख्या, बीपीएल में
चयनित होने का वर्ष, काले रंग से पीली पृष्ठभूमि पर अंकित किया जाएगा।। पंचायत में समस्त बीपीएल परिवारों का विवरण प्रदर्शित करने का दायित्व संबंधित ग्राम पंचायतों का होगा। दीवार लेखन का समस्त खर्चा ग्राम पंचायतें अपने संसाधनों से वहन करेंगी।