राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की आयुषी गौतम हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के गणित विषय की टॉपर रहीं हैं। आयूषी ने धर्मशाला महाविद्यालय में गणित ऑनर्स में 9.06 सीजीपीए प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया है। विवि की ओर से आयुषी को विशेष प्रशस्ति पत्र जारी किया गया है।
इसमें कन्वोकेशन में गोल्ड मेडल प्रदान करने की बात कही है। सोमवार को आयुषी के लिए महाविद्यालय में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील के मेहता ने आयुषी को सम्मानित किया।
धर्मशाला की रेडियो कॉलोनी सकोह की रहने वाली आयुषी गौतम के पिता राजकुमार गौतम पीएनबी में उच्च पद पर आसीन हैं, जबकि माता मीनाक्षी गौतम शिक्षा के क्षेत्र में सेवाएं दे रही हैं।
वर्तमान में आयुषी हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय शाहपुर धर्मशाला में एमए इकोनोमिक्स की पढ़ाई कर रही हैं। इस मौके पर महाविद्यालय के संगीत विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश ठाकुर सहित अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे।