आल इंडिया बैंक इंपलाइज एसोसिएशन के तत्वावधान में बैंकर्स 25 फरवरी से चार दिन की हड़ताल कर रहे हैं। ऑल इंडिया बैंक स्ट्राइक में 28 फरवरी तक बैंकर्स विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
विरोध प्रदर्शन बैंक कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर होगा। कर्मचारियों की कमी के कारण अत्यधिक बोझ तले काम कर रहे कर्मचारियों की समस्याओं के अलावा वेतन विसंगति और पेंशन से संबंधित मांगे शामिल हैं।
बैंक कर्मचारी इस साल पहले भी हड़ताल की चेतावनी दे चुके थे मगर बाद में मांगें पूरी होने का आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल की कॉल वापस ली गई थी। मगर अब फिर से हड़ताल की तैयारी की जा रही है।
ऐसे में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। लेनदेन का काम इन चार दिनों में ठप रहेगा। बाकी काम भी नहीं हो सकेंगे। ऐसे में यदि आप भी बैंक का कोई काम करने जा रहे हैं तो 25 फरवरी से पहले ही निपटा लें।
बैंक की ओर से हड़ताल को लेकर जल्द ही अंतिम सूचना भी जारी की जानी है।