राजधानी शिमला में एचआरटीसी टैक्सी सेवा मार्च माह से शुरू होगी। टैक्सी सेवा के लिए एचआरटीसी प्रबंधन अपनी गाड़ियां खरीदेगा। वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए एचआरटीसी 300 रुपये का मासिक रियायती पास भी बनवाएगा। सामान्य यात्रियों के लिए टैक्सियों का किराया बीते साल के मुकाबले दुगना होगा।
शहर में करीब पांच माह बाद एचआरटीसी टैक्सी सेवा फिर शुरू होने वाली है। बीते साल अक्तूबर माह में एचआरटीसी टैक्सी सेवा बंद कर दी थी। वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए एचआरटीसी अगले महीने से फिर टैक्सी सेवा शुरू करेगा। एचआरटीसी टैक्सी में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता दी जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों के बैठने के बाद सीटें खाली रहने पर ही अन्य यात्री टैक्सी में सफर कर सकेंगे।
टैक्सी सेवा के लिए एचआरटीसी 17 टवेरा और 3 फोर्स गाड़ियां खरीदने जा रहा है। 9 के स्थान पर अब शहर में 12 सीटर टैक्सियां चलाई जाएंगी। इन टैक्सियों को एचआरटीसी के चालक चलाएंगे और टिकट काटने की जिम्मेवारी भी चालकों की होगी। टैक्सियों का संचालन एचआरटीसी द्वारा अपने हाथों में लेने के बाद अब शहर के लोगों को टैक्सियों की तेज रफ्तार सहित नियमों के उल्लंघन से भी राहत मिलेगी।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए रिजर्व रहेंगी सीटें
राजधानी में
एचआरटीसी टैक्सियां सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक चलेंगी। सर्दियों में
सुबह आठ से रात सात बजे तक टैक्सियों का संचालन किया जाएगा। टैक्सियों में
यात्रियों को ईटीएम (इलेक्ट्रानिक टिकटिंग मशीन) से टिकट दिए जाएंगे।
एचआरटीसी की सभी टैक्सियां जीपीएस (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) से लैस होंगी।
'एचआरटीसी टैक्सी सेवा शुरू करने का एकमात्र मकसद वरिष्ठ नागरिकों को सुविधा देना है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए टैक्सी के रियायती पास बनाए जाएंगे, जबकि अन्य लोग टैक्सियों का कम प्रयोग करें इसलिए किराया दुगना किया जाएगा। मार्च से शिमला में टैक्सी सेवा शुरू हो जाएगी।' -जीएस बाली, परिवहन मंत्री