शाहतलाई में श्री बाल रामलीला के मंचन के समापन पर मौजूद कलाकार। संवाद
शाहतलाई में कलाकारों को किया गया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। शाहतलाई में श्री बाल रामलीला का श्री राम के राजतिलक के साथ समापन हुआ। श्री बाल रामलीला मंचन के अंतिम दिन बाबाबालक नाथ तलाई प्रांगण में लक्ष्मण ने मेघनाद का वध किया।
सभी योद्धाओं के वीरगति पाने के बाद रावण ने स्वयं युद्ध की कमान संभाली। इस दृश्य में प्रभु श्री राम ने बाणों की बौछार से रावण का वध किया। इसके बाद सीता की अग्नि परीक्षा और विभीषण को लंका का राज सौंपने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। अंतिम दृश्य में गुरु वशिष्ठ ने प्रभु श्री राम का राजतिलक किया, जिसके बाद अयोध्या प्रभु श्री राम के जयकारों से गूंज उठी।
कमेटी प्रधान पवन कौशल ने कहा कि भारतीय संस्कृति की धार्मिक परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ समाज और युवाओं में आदर्श स्थापित करने और सामाजिक कुरीतियों के अंत में यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सम्मान समारोह में मुख्यातिथि राजकुमार कौशल ने कलाकारों को पुरस्कारों से सम्मानित किया। कमेटी ने नगरवासियों, मंदिर प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों का 38 साल से जारी मंचन कार्यक्रम में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर मुख्य निर्देशक हरबंस शर्मा, निर्देशक नंदलाल शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान राकेश शर्मा और विनोद कौशल, महेंद्र ठाकुर, कोषाध्यक्ष देशराज शर्मा, सचिव सुरेश पंडित सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।