खेलो इंडिया में बद्दी की प्रेरणा ने जीता कांस्य पदक
- फोटो : संवाद
खेल इंडिया प्रतियोगिता में बद्दी की प्रेरणा मेहता ने कांस्य पदक जीतकर हिमाचल का नाम रोशन किया है। प्रेरणा इससे पहले राष्ट्रीय स्तर पर अंडर-17 और अंडर-15 में एक स्वर्ण और छह कांस्य पदक जीत चुकी हैं। अंडर-17 प्रतियोगिता में यह पहलवान अपने वर्ग में सबसे छोटी आयु की थी। वहीं महिला पहलवान को खेलो इंडिया योजना के तहत चुना गया तो इसे पांच साल तक छात्रवृति मिलेगी, जिससे वह ओलंपिक की तैयारी कर पाएगी। मध्य प्रदेश के भोपाल में हुई खेलो इंडिया प्रतियोगिता में प्रेरणा मेहता सेमीफाइनल में हरियाणा की पहलवान से हार गईं।
तीसरे स्थान के लिए प्रेरणा का मुकाबला राजस्थान से हुआ। इस एकतरफे मुकाबले में प्रेरणा ने राजस्थान की महिला पहलवान को 8-1 से पराजित किया। इससे पहले हुई लीग मुकाबलों में प्रेरणा ने गुजरात और महाराष्ट्र को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। प्रेरणा मेहता की जीत पर दादा सेवानिवृत शारीरिक अध्यापक एवं अपने समय के पहलवान रहे निर्मल मेहता ने कहा कि प्रेरणा में एक पहवान के वह सभी गुण हैं । उन्होंने अपनी पोती को बधाई दी है। इसके अलावा बागवानियां स्थित सतबीर अखाडे़ के संचालक कुलदीप राणा, कोच संजीव और विशाल ने खुशी जाहिर की है।
कृतिका ने कुश्ती में जीता रजत पदक
अखिल भारतीय विश्वविद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन छह से नौ जनवरी तक कोलापुर विश्वविद्यालय महाराष्ट्र में किया गया। इसमें हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की खिलाड़ी कृतिका जंवाल ने 76 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया। राजकीय महाविद्यालय सुजानपुर के प्राचार्य डॉ. अजायब सिंह बनयाल, शारीरिक शिक्षा शिक्षक प्रोफेसर संदीप शर्मा और समस्त स्टाफ सदस्यों ने शनिवार को इस उपलब्धि पर कृतिका व उसके माता-पिता को बधाई दी।