हिमाचल में येलो अलर्ट के बीच मंगलवार को लाहौल के तांदी-कारदंग मार्ग पर हिमस्खलन से जेसीबी चालक बर्फ में दब गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक की जान बचाई। पालमपुर में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, चंबा में भारी बारिश से नाले में पानी बढ़ने से दो कारें मलबे में दब र्गईं। कई घरों में भी पानी भर गया। फसलों को भी नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे सहित जिले के 23 मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। प्रदेश में सात मई तक बारिश और अंधड़ का येलो अलर्ट जारी हुआ है। दस मई तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। मंगलवार को रोहतांग के अलावा प्रदेश की ऊंची चोटियों में फाहे गिरे। निचले इलाकों में बारिश जारी रही। राजधानी शिमला में मंगलवार दोपहर से झमाझम बादल बरसे।
सोलन में बारिश और ओलावृष्टि हुई। जिला कांगड़ा के बड़ा भंगाल की ऊंची जोतों और धौलाधार पर्वत पर मई में कई वर्षों बाद बर्फबारी हुई। बैजनाथ उपमंडल के धानग गांव में बजली गिरने से धानग निवासी भूपेंद्र राणा के घर में दरार आ गई हैं। इसके अतिरिक्त बिजली मीटर, फ्रिज, टेलीविजन खराब हो गया है। वहीं मंडी जिले के लडभड़ोल की पंचायत खुड्डी के गांव सपड़ोह में बिजली गिरने से कार को नुकसान पहुंचा है।
विज्ञापन
कांगड़ा जिले में बारिश से गेहूं की फसल लेने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जिला लाहौल-स्पीति में तांदी-कारदंग सड़क के तहत आने वाले प्यार सिंह नाला (जोन जुम्पा) में सोमवार शाम हिमखंड गिर गया। यहां सड़क बहाल करने के लिए एक जेसीबी तैनात की गई थी। अचानक हिमखंड गिरने से जेसीबी मशीन समेत चालक मलबे में दब गया। गांव वालों ने मुश्किल से चालक की जान बचाई।