हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के ऊपरी इलाकों व लाहौल-स्पीति में हुई भारी बर्फबारी के बाद लाहौल में हिमखंड गिरने का क्रम शुरू हो गया है। शनिवार को भी लाहौल के यांगला गांव की पहाड़ी से हिमस्खलन हो गया है। इससे कई घरों तक हिमस्खलन पहुंचा है, लेकिन नुकसान नहीं हुआ है। मनाली स्थित सासे ने भी कुल्लू-मनाली के साथ पूरी लाहौल घाटी में हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं, मनाली से लेह जा रहे 32 ट्रकों के साथ 38 वाहन बारालाचा दर्रा के पास फंस गए हैं। इन वाहनों को निकालने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने दर्रा में बर्फ को हटाने के लिए मशीनरी तैनाती कर दी है। दर्रा में हुई भारी हिमपात के कारण इन ट्रक चालकों को अभी दो से तीन दिन का इंतजार करना पड़ सकता है।