आस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर
- फोटो : सोशल मीडिया
कोरोना लॉकडाउन में भी हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का धर्मशाला स्टेडियम ट्विटर पर छा गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से एसपीसीए स्टेडियम धर्मशाला की फोटो डाली, जिसमें साथ में लिखा क्या आप बता सकते हैं कि यह कौन सा अंतरराष्ट्रीय मैदान है? इस पर आस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने ट्वीट कर कहा कि यह धर्मशाला स्टेडियम है और उनकी पसंदीदा मैदान है।
पिछले 21 घंटे में इस ट्वीट को 20 हजार से अधिक लोगों ने लाइक किया, जबकि 589 लोगों ने रिट्वीट किया। 3000 से अधिक लोगों ने ट्वीट पर इस सवाल का जवाब दिया है। इस पोस्ट के लगभग 20 घंटे बाद आईसीसी ने दूसरा ट्वीट किया, जिसमें धर्मशाला स्टेडियम के अंदर का फोटो था और इस पोस्ट में बताया भी है कि इस प्रश्न का सही जवाब धर्मशाला मैदान है।
3000 से अधिक जवाबों में अधिकतर लोगों ने धर्मशाला ही उत्तर बताया है और कई लोगों ने धर्मशाला स्टेडियम की फोटो भी पोस्ट करके डाली है। उधर, एचपीसीए के सचिव सुमित शर्मा ने कहा कि धर्मशाला स्टेडियम और हिमाचल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए प्रशंसा का विषय है। आईसीसी ने ट्वीट पर धर्मशाला स्टेडियम के बारे में पोस्ट की है।