एमडी, एमएस और डीएनबी की ऑनलाइन काउंसलिंग का तीसरा राउंड अब 25 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। इसके लिए अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विवि नेरचौक ने काउंसलिंग का संशोधित शेड्यूल जारी कर दिया है। वहीं, इस राउंड में भी अगर सीटें खाली रहती हैं तो स्ट्रे राउंड करवाया जाएगा। शेड्यूल के मुताबिक 25 और 26 सितंबर को तीसरे राउंड की काउंसलिंग में अभ्यर्थियों की ओर से आवेदन किया जाएगा। 27 सितंबर को तीसरे राउंड की प्रोविजनल मेरिट लिस्ट जारी होगी। 28 सितंबर को तीसरे राउंड की फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होगी। वहीं, 30 सितंबर को खाली सीटों की स्थिति मेडिकल यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर देखी जा सकती है।
30 सितंबर को अभ्यर्थियों की ओर से पसंदीदा कॉलेज के लिए अपनी राय दी जाएगी। 4 अक्तूबर को तीसरे राउंड की प्रोविजनल सीटों का आवंटन होगा। 7 अक्तूबर को तीसरे राउंड की फाइनल सीटों का आवंटन होगा। फाइनल सीटों के आवंटन के बाद 9 और 10 अक्तूबर को आवंटित सीटों पर अभ्यर्थियों की ओर से दाखिला लिया जा सकता है। इस राउंड में खाली सीटों की स्थिति को 11 अक्तूबर को वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। इसके बाद खाली सीटों को भरने के लिए 11 अक्तूबर से स्ट्रे राउंड शुरू हो जाएगा। इस संबंध में अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विवि नेरचौक के परीक्षा नियंत्रक डॉ. प्रवीण शर्मा ने कहा कि अभ्यार्थियों से आग्रह है कि शेड्यूल को पूरी तरह से समझकर काउंसलिंग में भाग लें।