शीतकालीन सत्र के चौथे दिन सदन में सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी (स्थापना और विनियमन) विधेयक 2021 चर्चा के लिए रखा गया। इस दौरान विधायक राकेश सिंघा की ओर से बिल में बताए गए 30 संशोधन शोर-शराबे के बीच निरस्त हो गए। कांग्रेस, भाजपा और किसी भी निर्दलीय विधायक ने बिल में संशोधन के लिए अनुमोदन नहीं किया था।
चर्चा के बाद विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने सदन से पूछा कि जो सदस्य बिल में राकेश सिंघा की ओर से अनुमोदित किए गए संशोधनों को स्वीकार करने के पक्ष में हैं, वह हां कहें और जो सहमत नहीं हैं, वह न कहें। इस पर सत्ता पक्ष के विधायक हां और ना के फेर में फंस गए। इस पर विपक्ष और प्रेस गैलरी की ओर से खूब ठहाके लगे।