हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में 5 से 8 नवंबर 2024 तक आयोजित होने वाले 67वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने रवाना हो गए हैं। उनके साथ विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार तथा सचिव विधानसभा यशपाल शर्मा भी शामिल हैं। इस सम्मेलन में देश के सभी राज्य विधान मंडलों,विधान परिषद के पीठासीन एवं उपपीठासीन अधिकारी भी जा रहे हैं। इनमें केंद्र शासित प्रदेशों के पीठासीन अधिकारी भी शामिल होंगे। इस सम्मेलन में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ भारत क्षेत्र के चेयरमैन तथा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कुलदीप सिंह पठानिया राष्ट्रमंडल संसदीय संघ भारत क्षेत्र जोन-2 के संयोजक भी हैं, जिसमें हिमाचल सहित पांच राज्य शामिल हैं। कुलदीप सिंह पठानिया 5 से 8 नवंबर तक इस सम्मेलन के लिए ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख शहर सिडनी में ही मौजूद रहेंगे। इस दौरान वह अलग–अलग समय पर चर्चा के लिए चयनित तीन महत्वपूर्ण विषयों पर सम्मेलन के दौरान अपना संबोधन भी देंगे। सम्मेलन के बाद पठानिया तीन देशों क्रमश: न्यूजीलैंड, जापान तथा दक्षिण कोरिया के अध्ययन प्रवास पर रहेंगे। अध्ययन प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष इन देशों की राजनीतिक, आर्थिक तथा प्रशासनिक व्यवस्था का गहन अध्ययन करेंगे तथा सामरिक व पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों का भी भ्रमण करेंगे।
विदेश जाने से पूर्व पठानिया ने कहा कि राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन एक महत्वपूर्ण आयोजन है, जिससे पूरा विश्व एक मंच पर एकत्र होगा तथा सद्भावना, वैश्विक विचारधारा तथा एकता व शांति का महासंगम देखने को मिलेगा। पठानिया ने कहा कि इस तरह के आयोजन ही पूरे विश्व को एक मंच पर ला सकते हैं जबकि सभी देशों के हर राज्य से चुने हुए प्रतिनिधि अपने संबोधन के माध्यम से जहां विश्व में शांति व एकता का संदेश देने की कोशिश करेंगे, वहीं अपने–अपने दृष्टिकोण से पूरे विश्व समुदायों को भी अवगत करवाने का प्रयास करेंगे। कुलदीप सिंह पठानिया के साथ प्रवास के दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार तथा विधानसभा सचिव भी साथ में रहेंगे।