जाट रेजीमेंट सेंटर के बरेली स्थित 246 आर्मी एविएशन बेस में ट्रेनिंग के दौरान बुधवार को सुबह चीता हेलिकाप्टर क्रैश होने से कांगड़ा के मेजर अभिजय थापा समेत सेना के तीन अफसर शहीद हो गए। हादसा हेलिकाप्टर का पंखा टूटने से हुआ। इससे असंतुलित हेलिकाप्टर एविएशन बेस के मैदान में ही करीब 300 मीटर ऊंचाई से नीचे गिरा और उसमें आग लग गई।
हादसा सुबह करीब सात बजकर 40 मिनट पर हुआ। एविएशन बेस से चीता हेलिकाप्टर ने नियमित ट्रेनिंग के लिए उड़ान हादसे से करीब 20 मिनट पहले उड़ान भरी थी। हेलिकाप्टर ने आसपास दो चक्कर लगाए। तीसरा चक्कर चल रहा था कि तेज आवाज के साथ हेलिकाप्टर का पीछे का पंखा टूट गया। इससे हेलिकाप्टर लड़खड़ाने लगा।
इस पर सवार मेजर पायलट अभिजय थापा, उम्र- 29, निवासी- रामनगर, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश), मेजर पायलट विकास वरियानी उम्र- 29, निवासी- श्रीजी नगर दुर्गापुर, जयपुर (राजस्थान) और कैप्टन अविनाश सोमवंशी उम्र- 26, निवासी- भूड़ गांव, नलदुर्ग, उस्मानाबाद (महाराष्ट्र)कुछ समझ पाते, उससे पहले ही एयर ट्रांजिट कंट्रोलर ने खतरे का संकेत देते हुए पायलट से हेलिकाप्टर एविएशन बेस पर जल्द से जल्द उतारने का मैसेज भेज दिया।
पायलट ने हेलिकाप्टर को साधते हुए बेस पर उतारने की कोशिश की लेकिन उससे पहले ही वह असंतुलित होकर मैदान में गिर पड़ा और बेहद तेज धमाके के साथ उसमें आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी जबरदस्त थी कि तीनों अधिकारी बुरी तरह से जल गए।