सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह चाहते ही नहीं कि एम्स बिलासपुर में खुले। अगर वे ऐसा चाहते तो अब तक 1200 बीघा जमीन एम्स के नाम करवा देते। आधी-अधूरी जमीन एम्स के नाम करवाकर सीएम लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक पूरी जमीन नहीं मिलेगी तो एम्स का शिलान्यास कैसे होगा।
अनुराग ठाकुर रथयात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज भी कई साल पहले खुल चुका होता, लेकिन कांग्रेस ने इसे भी दूसरे स्थान पर खोलने का पूरा जोर लगा दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाइड्रो कॉलेज का शिलान्यास किया।
कहा कि भाजपा सत्ता में आते ही कांगड़ा में चलने वाली हाइड्रो कॉलेज की कक्षाओं को बिलासपुर या जुखाला में शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने बिलासपुर के कांग्रेस नेताओं से पूछा कि वे कक्षाएं कांगड़ा में लगाने का विरोध क्यों नहीं कर रहे हैं? कहा कि उन्होंने सांसद रहते हुए बिलासपुर को एम्स, हाइड्रो कॉलेज और रेलवे लाइन जैसे प्रोजेक्ट लाए।
आगे भी बिलासपुर का विकास करवाने को प्रयास जारी रहेंगे। कहा कि प्रदेश में बदलाव की शुरुआत भोरंज से हो गई थी। इसके बाद शिमला के लोगों ने भी साफ कर दिया है कि कांग्रेस के जाने का समय आ गया है। सीएम पद के लिए धूमल और नड्डा में किसकी दावेदारी मजबूत होगी, इस सवाल पर अनुराग बोले - सरकार भी भाजपा की होगी और सीएम भी भाजपा का ही होगा।