हिमाचल प्रदेश के सांसदों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मैजिक चल गया। रविवार को मोदी की चाय पार्टी से लौटे सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान शुरू करने से लेकर आदर्श गांव का जल्द से जल्द चयन करने का संकल्प लिया।
हालांकि इस पार्टी में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र कश्यप नहीं पहुंच पाए। कश्यप को छोड़कर प्रदेश के सभी सांसद मोदी की पार्टी में शामिल हुए। कांगड़ा सांसद शांता कुमार ने कहा कि मोदी की चाय पार्टी बेहद सकारात्मक रही।
इस दौरान केंद्र सरकार की ओर से शुरू की जानी वाली योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए चर्चा की गई। कुमार ने कहा कि अगले एक सप्ताह बाद वह क्षेत्र में पहुंचेंगे। इसके बाद आदर्श ग्राम का चयन करने से लेकर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान शुरू किया जाएगा।