हेनाल्ट पब्लिक स्कूल शिमला के मंगलवार को आयोजित वार्षिक समारोह में बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर वाहवाही बटोरी। समारोह में पूर्व विधायक एवं हेनाल्ट पब्लिक स्कूल के चेयरमैन योगेंद्र चंद्रा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
प्रधानाचार्य रितु पाल ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से किया। वहीं छात्रों ने पहाड़ी नाटी, भगवान कृष्ण के नृत्य जैसी प्रस्तुतियां देकर मौजूद अभिभावकों और शिक्षकों सहित मुख्य अतिथि का मनोरंजन किया। समारोह में मुख्यातिथि ने छात्रों को पुरस्कृत किया।
इनमें जमा दो की छात्रा स्वाति सूद को बेस्ट स्टूडेंट का अवार्ड दिया, जबकि शिक्षा में जमा की छात्रा राजेश्वरी, आठवीं के शुभम पुंडीर को सम्मानित किया। इसके अलावा इंदिरा हाउस को बेस्ट हाउस का खिताब दिया। बैडमिंटन और चैस में सुभाष हाउस को बेस्ट हाउस का खिताब दिया। टीएन मंजू मोरियल अवार्ड के विजेता स्कूल के जमा दो के छात्र सिद्धार्थ रहे। अच्छे व्यवहार और सहयोग के लिए जमा दो के छात्र वरुण को पुरस्कृत किया। मंच संचालन आदित्य कुमारी ने किया।
केंद्रीय तिब्बती स्कूल ने मनाया वार्षिक समारोह
शिमला। केंद्रीय तिब्बती विद्यालय छोटा शिमला ने मंगलवार को वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त यूनुस ने इसमें बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने मुख्यातिथि और अन्य लोगों का स्वागत किया। मुख्यातिथि ने विद्यालय के विकास पर संतोष व्यक्त किया।
बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए कार्यक्रमों की प्रशंसा की। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्राओं ने ‘स्वागतम, स्वागतम’ गीत से की। इसके बाद मुख्यातिथि ने दीप जला कर कार्यक्रम का आगाज किया। छात्राओं ने ‘आयो रे मारो ढोलना’ गीत पर राजस्थानी नृत्य किया। जूनियर तिब्बतीयन छात्राओं ने तिब्बती लोक नृत्य प्रस्तुत किया। ग्यारहवीं की मेघना ने एकल गीत ‘क्यों न बोले मुझसे मोहन क्यों’ गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बच्चों ने ‘नगाडे़ संग ढोल बाजे’ गीत पर गुजराती लोक नृत्य किया। खुशबू ने ‘मेरे ढोलना सुन’ गीत पर क्लासिकल नृत्य कर तालियां बटोरी। छात्रा टाशी ने तिब्बतीयन एकल गीत गाया, जिसमें कैलाश पर्वत का वर्णन किया है। स्कूली बच्चों ने तिब्बत का प्रसिद्ध लायन डांस किया। वोट ऑफ थैंक्स के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।