आसमान से गिरते बर्फ के फाहों के बीच दिल्ली के कारोबारियों ने रेल मोटरकार के रोमांचक सफर का लुत्फ उठाया। गुरुवार को चार्टर्ड रेल मोटरकार से दिल्ली के कारोबारी शिमला पहुंचे। सुबह करीब नौ बजे गाड़ी कालका से रवाना हुई और करीब एक बजे शिमला पहुंच गई। कारोबारी अंशुमन डोगरा ने बताया कि ऐसे तो कई बार शिमला आए हैं। बर्फ भी खूब देखी है, लेकिन रेल मोटरकार में सफर के दौरान लाइव स्नो फॉल का आनंद पहली बार लिया।
आसमान से गिरते बर्फ के फाहे खिड़कियों से भीतर चेहरे पर गिरने का अहसास जिंदगीभर याद रहेगा। सफर के दौरान लाइव वीडियो बनाकर अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को दिखाए तो सभी खुशी से झूम उठे। हर कोई ऐसा सफर करने के लिए बेताब हो गया। उत्तर रेलवे की रेल मोटरकार की तारीफ करते हुए अंशुमन ने कहा कि इस गाड़ी में सफर यादगार रहा। बड़े शीशों से बाहर के नजारे बेहद करीब से देखने का मौका मिला। उन्होंने सफर में सहयोग के लिए रेलवे कर्मियों का भी आभार जताया।
कालका-शिमला के बीच पैक चल रहीं ट्रेनें
कालका और शिमला के बीच इन दिनों शेड्यूल गाडि़यां पैक चल रही हैं। शिवालिक डीलक्स एक्सप्रेस, हिमालय क्वीन, कालका शिमला एक्सप्रेस, होलीडे स्पेशल, कालका-शिमला पैसेंजर और विस्ताडोम हिमदर्शन एक्सप्रेस में 40 से ऊपर की वेटिंग चल रही है। शिमला में हुई बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए इन दिनों बड़ी संख्या में सैलानी रेल मार्ग से शिमला पहुंच रहे हैं।