जीवन में आने वाली चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करें। आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। महिला को बहुत सारे अधिकार मिले हैं, लेकिन उन अधिकारों का इस्तेमाल आप तब कर सकते हैं जब आप में हिम्मत होगी। यह बात शनिवार को कुल्लू कॉन्वेंट स्कूल में अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम में जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुनयना शर्मा ने कही। उन्होंने छात्राओं को कॅरिअर और महिला सशक्तीकरण को लेकर जागरूक किया।कहा कि प्रशासनिक सेवाओं में जाने के लिए अखबार पढ़ने की आदत बनानी चाहिए। दूसरी किताबें भी पढ़ें, जिससे आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा। जीवन में सफल होने के लिए कड़ी मेहनत करें। महिलाओं का काम सिर्फ घर चलाना ही नहीं है। अपने आपको इतना सक्षम बनाएं कि अपने निर्णय स्वयं ले सकें। जीवन में कामयाब होने के लिए अनुशासन और फोकस रखना जरूरी है। कुल्लू कॉन्वेंट स्कूल की प्रशासक रीतू ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को कॅरिअर के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इस दौरान संजना, शिंपू, मनीष, राहुल, सविता, मोनिषा, विमल, सुलक्षणा, निधि सिंह, नैंसी, पदमा आदि मौजूद रहे।