हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अमन शर्मा का चयन अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 1 से 7 जुलाई तक युगांडा की राजधानी कंपाला में होगी। जिला चंबा पैरा स्पोर्ट्स के संस्थापक और महासचिव अजय शर्मा ने कहा कि अमन के चयन होने से जिला में ही नहीं अपितु पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। अमन ठाकुर चंबा के साथ लगती लुड्डू पंचायत के रूणेगा गांव के रहने वाले है। उनके पिता शिमला में इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज में कार्यरत हैं।
अमन जब 18 वर्ष का था उस वक्त खेलते समय वह गिर गया था। इसके कारण उसके पैर में गहरी चोटें आईं। उसका पीजीआई में मेजर ऑपरेशन हुआ। 2 साल बेड रेस्ट के बाद अमन ने दोबारा से बैडमिंटन खेलना शुरू किया। अब अमन की मेहनत रंग लाई है। अमन अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करेगा। अमन शिमला के संजौली कॉलेज में एमए की पढ़ाई कर रहा है। अमन ने बताया कि वो इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स शिमला में कोच सनी पापटा की देख-रेख में बैडमिंटन सीखते हैं। अमन ने इसका श्रेय माता-पिता, कोच सनी पापटा को दिया है।