पेंशनरों की शिमला इकाई ने डीए के लिए जताया सरकार का आभार अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम पेंशनर्स कल्याण संगठन की शिमला इकाई की मासिक बैठक में देय भत्तों को जल्द जारी करने की मांग की। इसके अलावा सेवानिवृत्ति के बाद तुरंत पेंशन शुरू करवाने का आग्रह किया।
तारादेवी में हुई इस बैठक में पेंशनरों ने चार फीसदी डीए देने के लिए प्रदेश सरकार का आभार भी जताया। बैठक में सरकार से जल्द वार्ता बुलाने का आग्रह किया। राज्य अध्यक्ष केसी चौहान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पेंशनरों की अन्य मांगों को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में सबसे पहले वक्ताओं ने एचआरटीसी के स्वर्ण जयंती समारोह में प्रदेश सरकार की ओर से की गई चार फीसदी डीए, मेडिकल बिलों की अदायगी और त्योहारों को देखते हुए इस माह की 28 तारीख को वेतन और पेंशन जारी करने के फैसले का स्वागत किया।
इसके बाद पेंशनरों ने लंबित भत्तों को जारी नहीं करने और सेवानिवृत्ति के बाद तीन महीने में पेंशन शुरू नहीं करने पर रोष व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने बताया कि समय पर पेंशन शुरू नहीं होने से सेवानिवृत्ति के बाद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने इन सभी मांगों को लेकर प्रदेश सरकार से उन्हें जल्द वार्ता के लिए बुलाने की मांग रखी। बैठक में शिमला इकाई के अध्यक्ष रामकृष्ण ठाकुर, प्रधान मनोज गौतम, देवराज ठाकुर, रोशन चौहान, हरदयाल सिंह, तरसेम चौधरी, दयाल सिंह और हाकम सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।