अटल टनल रोहतांग बनने के बाद देश-विदेश में खूब नाम कमा रही लाहौल घाटी इस वर्ष जुलाई में ऑल इंडिया ट्राइबल यूथ फेस्टिवल की मेजबानी भी करेगा। सिस्सू में दस दिन तक होने वाले यूथ फेस्टिवल के लिए केंद्र सरकार ने ढाई करोड़ का बजट मंजूर कर दिया है। फेस्टिवल में देश भर से लोगों को बुलाया जाएगा। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने बताया कि लाहौल घाटी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। अटल टनल बनने से घाटी को चार चांद लग गए हैं। देश-विदेश में इसके चर्चे हो रहे हैं। ऐसे में इस वर्ष जुलाई में सिस्सू में दस दिन का ऑल इंडिया ट्राइबल यूथ फेस्टिवल करवाने का फैसला लिया गया है। फेस्टिवल के माध्यम से खेलकूद, संस्कृति, खानपान, वेशभूषा और स्थानीय बोलियों के आदान-प्रदान का मौका मिलेगा।