हिमाचल के कांगड़ा जिले के डरोह के अकिल शर्मा ने ऊंची उड़ान भरी है। वह एयरफोर्स में फ्लाइंग अफसर बन गए हैं। अकिल वायु सेना अकादमी हैदराबाद से पासआउट हुए हैं। पासिंग आउट परेड में शामिल अकिल शर्मा को देख माता मंजू देवी और पिता एसके शर्मा की खुशी का ठिकाना नहीं है।
अकिल शर्मा दिसंबर 2015 में एनडीए अकादमी पुणे से तीन साल का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद बतौर फ्लाइंग ऑफिसर के प्रशिक्षण के लिए वायु सेना अकादमी हैदराबाद गए। अपनी योग्यता के दम पर हैदराबाद में भी अकिल ने लड़ाकू विमान सेवा में पहला स्थान प्राप्त किया है।
अकिल के परिवार ने देश की सेवा में अपना अभूतपूर्व योगदान दिया है। दादा स्वर्गीय ज्ञान चांद शर्मा भी भारतीय सेना से बतौर सूबेदार सेवानिवृत्त हुए थे। अकिल के पिता एसके शर्मा भी भारतीय सेना से बतौर हवलदार रिटायर हुए हैं। परिवार में अकिल के बड़े भाई अभिनव भी भारतीय वायुसेना में कार्यरत हैं।
अकिल के पिता एसके शर्मा ने बताया अकिल ने दसवीं तक की शिक्षा सैनिक स्कूल योल और बारहवीं तक की शिक्षा केंद्रीय विद्यालय पालमपुर से हासिल की। इसके बाद एनडीए प्रवेश परीक्षा पास कर अकिल ने देश सेवा का सफर शुरू किया। अकिल के गांव कस्बा में अकिल पहला लड़का है, जिसने बतौर फ्लाइंग ऑफिसर बनकर यह उपलब्धि हासिल की है।