जयराम सरकार के अति महत्वाकांक्षी प्रोजेक्टों में से एक जनमंच के सफल आयोजन के बाद इसे और विस्तार दिया जा रहा है। अब हिमाचल में राज्य स्तरीय जनमंच होंगे, जिनमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर खुद जनता से रूबरू होंगे। ग्रामीण विकास विभाग ने राज्य स्तरीय जनमंच की अधिसूचना जारी कर दी है।
राज्य स्तरीय जनमंच के तहत अब मुख्यमंत्री हर महीने एक जिले में जनता से रूबरू होंगे। तीन हिस्सों में बंटे राज्य स्तरीय जनमंच में वह जनमंच वाले जिले में कार्यान्वयन होने वाले मुख्य निर्माण और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
साथ ही लोकसभा सदस्यों से लेकर विधायकों, शहरी व ग्रामीण निकायों के चुने गए प्रतिनिधियों और आम जनता द्वारा दी गई शिकायतों और उनके सुझावों पर चर्चा कर कार्रवाई के लिए निर्देश देंगे। जनमंच किस जिले में होगा, इसका फैसला मुख्यमंत्री कार्यालय करेगा और एक महीने पहले इसकी घोषणा की जाएगी। खास बात यह है कि जनमंच से पहले ही मुख्यमंत्री कार्यालय संबंधित जिले में चल रही योजनाओं की रिपोर्ट तलब करेगा, ताकि उस समय तक हुई प्रगति और मुख्यमंत्री के पहुुंचने तक की स्थिति का आकलन किया जा सके।
जनमंच से अलग होगा राज्य स्तरीय जनमंच
वर्तमान में जिला स्तरीय जनमंच का आयोजन किया जाता है जिसमें मंत्री संबंधित मंडल या पंचायत या ब्लॉक में जनसुनवाई करते हैं। अब तक ऐसे 16 जनमंच आयोजित हो चुके हैं। राज्य स्तरीय जनमंच में जिले के साथ-साथ विभागीय सचिव व प्रदेश स्तर के विभागीय अधिकारी भी शिरकत करेंगे।