वन-वे रहेगा ट्रैफिक, पुलिस संभालेगी संचालन
योजक परियोजना अधिकारियों ने कहा कि इस मार्ग के खुलने से न केवल स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन को भी पंख लगेंगे। केलांग और जिस्पा जैसे क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि की उम्मीद है। लाहौल-स्पीति पुलिस ने फिलहाल इस मार्ग पर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। वाहनों की आवाजाही का संचालन जिला पुलिस करेगी। दर्रा खुलने के मौके पर बीआरओ के ओसी मेजर उत्कर्ष शुक्ला सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
लाहौल की तरफ से सुबह ही लग गई थी वाहनों की कतार
केलांग (लाहौल-स्पीति)। शिंकुला दर्रा खुलने की खबर मिलते ही लाहौल की ओर से बड़ी संख्या में वाहन सुबह ही दर्रे की ओर रवाना हो गए। लेकिन भारी बर्फ और संकरी सड़क के कारण वाहनों की कतारें लग गईं। कुछ स्थानों पर सड़क पर फिसलन और जगह-जगह बर्फ जमा होने के कारण वाहन चालकों को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने सीमा सड़क संगठन का आभार जताया, जिन्होंने विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद दर्रे को बहाल करने का कठिन कार्य समय पर पूरा किया। पर्यटन कारोबारियों ने कहा कि दर्रा खुलने से न केवल जांस्कर घाटी से लाहौल और मनाली की कनेक्टिविटी सुधरेगी, बल्कि स्थानीय पर्यटन और व्यापार को भी गति मिलेगी।