प्रदेश सरकार से मदद लेगा नगर निगम
न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त पेट्रिक जॉन से महापौर ने की चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में स्काई वॉक समेत साहसिक खेलों की सुविधाएं देकर पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए स्थान चिह्नित कर नगर निगम नए प्रस्ताव तैयार कर रहा है।
नए साल से इन्हें धरातल पर उतारने की तैयारी है। इसमें सरकार की भी मदद ली जाएगी।
इन प्रस्तावों पर महापौर सुरेंद्र चौहान ने मंगलवार को न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त पेट्रिक जॉन राटा से भी टाउनहॉल में चर्चा की। भारत में न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त पेट्रिक जॉन राटा इन दिनों शिमला दौरे पर आए हुए हैं। महापौर के विशेष निमंत्रण पर उच्चायुक्त अपनी टीम के साथ मंगलवार दोपहर के समय मालरोड पहुंचे। यहां टाउनहॉल में महापौर ने उच्चायुक्त को सम्मानित किया और शहर के लिए तैयार किए जा रहे प्रस्तावों पर चर्चा की। इन पर उच्चायुक्त के सुझाव भी लिए।
महापौर ने कहा कि शहर के जाखू क्षेत्र में स्काई वॉक बनाने की योजना है। शिमला में हर साल लाखों सैलानी आते हैं। प्राकृतिक सुंदरता के अलावा शिमला में स्काई वॉक समेत अन्य साहसिक खेलों को बढ़ावा देकर इनकी संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है। इससे शिमला में कारोबार भी चमकेगा। उच्चायुक्त ने कहा कि इस योजना में उनका देश सहयोग करने को तैयार है। इस बारे में अधिकारियों से बात की जाएगी और नगर निगम को तकनीकी मदद मुहैया करवाई जाएगी।