राज्य स्तरीय मूल्यांकन दल ने शोध गतिविधियों को जांचा
आंतरिक रैंकिंग में टियर-1 के सात उत्कृष्ट महाविद्यालयों में शामिल है राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। उच्च शिक्षा निदेशालय की निरीक्षण समिति ने वीरवार को राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय (कोटशेरा) का ऑन-द-स्पॉट मूल्यांकन और सत्यापन किया। यह निरीक्षण काॅलेजों की आंतरिक रैंकिंग के लिए किया जा रहा है।
कोटशेरा काॅलेज टियर-1 वर्ग में चयनित सात उत्कृष्ट राजकीय महाविद्यालयों में शामिल है। निरीक्षण दल ने संस्थान के शैक्षणिक प्रदर्शन, आधारभूत संरचना, शोध कार्यों, छात्र सहायता सेवाओं, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े पहलुओं का मूल्यांकन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने संस्थान की विकास यात्रा, उपलब्धियों और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी दी। आईक्यूएसी के समन्वयक डॉ. पीएल वर्मा ने गुणवत्ता आश्वासन उपायों, संस्थागत उपलब्धियों और आंतरिक गुणवत्ता मानकों पर प्रस्तुति दी।
निरीक्षण समिति ने स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट और संबंधित दस्तावेजों की जांच के साथ संकाय सदस्यों और प्रशासनिक कर्मचारियों से भी चर्चा की। दल ने संस्थान के समग्र कार्य निष्पादन का आकलन करते हुए गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। दल में नगरोटा सूरियां काॅलेज के प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार कौंडल, जवाली के प्राचार्य डॉ. दिनेश कुमार शर्मा, नेरवा के प्राचार्य डॉ. हरबंस लाल शर्मा, नूरपुर के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राकेश कुमार और थुरल के सहायक प्राध्यापक डॉ. विशाल वालिया शामिल रहे।