एबीवीपी की राज्य इकाई ने छात्र संघ चुनाव पर लगाई रोक और फीस बढ़ोतरी के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की रूपरेखा तैयार कर ली है। इसका आगाज शुक्रवार से विश्वविद्यालय और प्रदेश भर के कॉलेजों में धरने प्रदर्शनों से किया जाएगा।
राज्य इकाई के प्रांत कार्यालय मंत्री जीत सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में शुक्रवार को राजधानी के सभी कॉलेज इकाई के कार्यकर्ता एकत्र होकर प्रशासन के इन फैसलों का विरोध करेंगे।
तीस अगस्त को विश्वविद्यालय और प्रदेश भर के कॉलेजों में पूर्ण शिक्षा बंद किया जाएगा। दो सितंबर को काली पट्टी बांधकर विरोध करेंगे। चार सितंबर को संगठन ने बूट पॉलिश करो फीस भरो का नारा दिया है।
उन्होंने कहा कि एबीवीपी पूरे प्रदेश भर में अपने दम पर ही विवि के इन फैसलों का विरोध कर इसे वापस लेने के लिए प्रशासन को मजबूर करेगा। उन्होंने कहा कि फीसें इतनी अधिक बढ़ाई गई हैं कि आम गरीब छात्र को फीस अदा करना मुश्किल हो गया है।
इसे एबीवीपी किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। एबीवीपी फीस बढ़ोतरी और छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार को छीनने के लिए छात्र संघ चुनाव पर रोक लगाने के फैसले को किसी सूरत में मंजूर नहीं करेगी।
इसका लगातार विरोध होगा और इसको लेकर एक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। समाज के हर तबके को विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रदेश सरकार के इशारे पर लिए इन छात्र विरोधी फैसलों को लेकर अवगत करवाया जाएगा।