पंजाब में परचम फहराने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) हिमाचल प्रदेश में सक्रिय हो गई है। आप ने प्रदेश में सदस्यता अभियान तेज कर दिया है और इसी के साथ भाजपा-कांग्रेस के नाराज नेताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन सोलन में भाजपा से नाराज एक नेता के घर पहुंचे।
जैन ने इन नेता के घर पर नाश्ता किया और उन्हें आप में शामिल होने के लिए ऑफर भी दिया। फिलहाल, भाजपा नेता ने सोच-विचार करने के लिए समय मांगा है। यह नेता डॉ. राजीव बिंदल के करीबी माने जाते हैं। कुछ समय पहले ही इन्होंने भाजपा के बड़े ओहदों से इस्तीफा दे दिया था।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के यह नेता बीते कुछ समय से पार्टी से नाराज हैं। उन्होंने पार्टी से इस्तीफा भी इसलिए दिया था क्योंकि उन्हें ओहदा तो दे दिया था, मगर अनदेखी जारी थी। यही नहीं, इस्तीफा देने के बाद भी उनसे आज तक भाजपा के बड़े नेताओं ने संपर्क नहीं साधा।
अभी कोई नुकसान नहीं हुआ है। अगर निष्कासितों से संपर्क करेंगे तो इसका कोई असर नहीं होगा। जहां तक सोलन के नेता की बात है तो वह भी पहले ही पार्टी का पद छोड़ चुके हैं। भाजपा का कार्यकर्ता परिपक्व, शिक्षित और प्रशिक्षित है। उसे भाजपा की नीति और नेतृत्व में विश्वास है। अगर कोई भाजपा छोड़ता है तो वह पार्टी का कार्यकर्ता नहीं है। - करण नंदा, सह मीडिया प्रभारी, प्रदेश भाजपा