आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रवक्ता एसएस जोगटा ने कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त मुख्य सचिव को नहीं हटाया तो पार्टी राज्य सचिवालय के बाहर धरना देगी। उन्होंने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर के पास 25 लाख रुपये की गाड़ी है जबकि मुख्य सचिव ने 45 लाख रुपये की गाड़ी खरीद ली है। ऐसे में एक सवाल यह है कि मुख्यमंत्री जयराम हैं या रामसुभग।
जोगटा ने वीरवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्य सचिव पर कार्रवाई नहीं करने पर सीएम जयराम ठाकुर इस्तीफा दें। मुख्यमंत्री सबसे पहले मुख्य सचिव को हटाएं। उसके बाद 60 लाख रुपये के गड़बड़झाले का ब्याज सहित हिसाब लिया जाए। मुख्य सचिव को चार्जशीट भी किया जाए। उन्होंने कहा कि पटवारियों को पकड़ा जा रहा है और बड़े अफसरों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
आप प्रदेश में एक-एक पैसे का हिसाब लेगी। वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से भी पूछते हैं कि प्रदेश के लिए इन्होंने पांच साल में क्या किया है। नड्डा के शिमला कार्यक्रम में कुर्सियां खाली पड़ी रहीं। रोड शो वैसा होता है, जैसा मंडी में छह अप्रैल को आप का हुआ था।
उन्होंने कहा कि भ्रष्ट लोग आम आदमी पार्टी में आने की नहीं सोचें। धर्मशाला में 23 अप्रैल को रोड शो देखें। भाजपा ने रात के अंधेरे में आम आदमी पार्टी के लोग झटक लिए। आप ने भी तो बीते दिन बड़ी संख्या में लोग झटके हैं।