प्रदेश में अगर चार लोग आम आदमी पार्टी को छोड़कर जा रहे हैं तो 400 ज्वाइन भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने और जाने की प्रक्रिया चली रहती है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। यह बात आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आईडी भंडारी ने मंगलवार को कही है। उन्होंने कहा कि आप को बड़े चेहरे से ज्यादा आम आदमी चाहिए। राज्य की नई कार्यकारिणी की घोषणा केंद्रीय नेतृत्व जल्द करेगा। यह मालूम रहे कि आप ने एक दिन पहले ही राज्य कार्यकारिणी को भंग किया है। आम आदमी पार्टी छोड़कर जाने वालों के बारे में आईडी भंडारी ने मंगलवार को दो टूक कहा कि दल-बदलू लोगों की कोई विचारधारा नहीं होती है।
भाजपा ने मीडिया में सनसनी बनाने के लिए ही ऐसे लोगों को ज्वाइन करवाया है। उन्होंने कहा कि लोग खुद फोन कर रहे हैं कि वे आम आदमी पार्टी को ज्वाइन करना चाहते हैं। आम आदमी पार्टी में हर व्यक्ति का स्वागत है। बड़े चेहरों का आम आदमी पार्टी में अभिनंदन है, बशर्ते वे केवल इसलिए ही आप को ज्वाइन नहीं करें कि उन्हें टिकट चाहिए। टिकट को बाद में तय होते हैं। प्रदेश के लोगों का भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों से मोहभंग हो चुका है, इसलिए ही वे आप में विश्वास जता रहे हैं। आप की विचारधारा भ्रष्टाचार के खिलाफ है, इसीलिए भी लोग इस पार्टी में विश्वास जता रहे हैं। प्रदेश में शासन करने वाले दोनों दलों ने पिछले 40-50 साल में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है।