दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के बयान के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में न मुख्यमंत्री बदलेगा न ही कोई मंत्री। अगला विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। उत्तराखंड में 70 में से 68 आप प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है और यूपी में भी यही हाल हुआ। अब हिमाचल प्रदेश में भी ऐसा ही होगा।
शिमला के पीटरहॉफ में रविवार को हुई पत्रकार वार्ता में नड्डा ने कहा है कि वह फिर से कहना चाहते हैं कि सत्ता माध्यम है, यह लक्ष्य नहीं है। सिसोदिया के अनुराग ठाकुर को सीएम बनाने और जयराम को हटाने के बयान पर नड्डा ने कहा कि आम आदमी पार्टी आपा खो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 25 से 30 जून के बीच युवाओं की रैली होगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे। उन्होंने दावा किया इसमें एक लाख युवा आएंगे।
नड्डा ने कहा कि हिमाचल में सरकार और संगठन का तालमेल अच्छा है। बूथ तक पहुंचने के लिए महासंपर्क अभियान 30 अप्रैल तक चलने वाला है। सरकारी योजनाएं ठीक से लोगों तक पहुंच रही हैं या नहीं, यह जानेंगे। नड्डा ने कहा कि अप्रैल में ग्राम केंद्र सम्मेलन और मई में त्रिदेव सम्मेलन होंगे। 15 मई से 15 जून तक पन्ना प्रमुख सम्मेलन होंगे। जुलाई में पंच परमेश्वर सम्मेलन होगा। उसके बाद संसदीय क्षेत्र में रथ यात्रा होगी। अगस्त में लाभार्थी सम्मेलन भी होगा।
यूपी, उत्तराखंड की तरह कट सकते हैं 10 से 15 फीसदी टिकट
विधायकों के टिकट कटने के सवाल पर नड्डा ने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है। इसमें निरंतर बदलाव होता रहता है। 10 से 15 फीसदी टिकट कटते ही हैं। यूपी और उत्तराखंड में भी ऐसा हुआ है। यह मालूम रहे कि नड्डा ने एक दिन पहले हुए सम्मेलन में भी संगठन के पदाधिकारियों को चेतावनी दी थी कि अगर किसी का टिकट कटेगा तो नाराज न हों। टिकट हर विधानसभा क्षेत्र में किसी एक को मिलेगा, जबकि पार्टी के लिए सभी को काम करना होगा।
पिछली यूपीए सरकार ने हिमाचल से हमेशा भेदभाव किया
नड्डा ने रविवार को प्रेस वार्ता में फिर दोहराया कि पिछली यूपीए सरकार ने हिमाचल प्रदेश से हमेशा भेदभाव किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विशेष श्रेणी राज्य था तो इसे 60:40 के अनुपात से केंद्रीय सहायता मिलती थी। भाजपा ने इसे 90:10 के अनुपात में कर दिया। औद्योगिक पैकेज भी भाजपा की सरकार ने ही दिलाया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत हिमाचल प्रदेश में 1,25,000 लोगों को कवर किया गया और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसमें 5,40,000 लाभार्थी और जोड़ दिए। उन्होंने कहा कि इसमें प्रति व्यक्ति पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवरेज लाभ दिया जा रहा है।
ओल्ड पेंशन स्कीम पर की जा रही चर्चा
ओल्ड पेंशन स्कीम की भाजपा शासित राज्यों में बहाली करने के सवाल पर नड्डा ने कहा कि इस बारे में चर्चा की जा रही है। उन्होंने इस बारे में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं किए जा सकने की बात की।
शनिवार रात नड्डा ने घूमा माल रोड
नड्डा शनिवार रात को शिमला के मालरोड पर घूमे और पुराना वक्त याद किया। उन्होंने कहा कि वह कहां आइसक्रीम खाते थे और कहां-कहां भोजन करते थे। उनका शिमला से गहरा नाता है।
बूथ स्तर पर अर्की में एक बैठक ली
नड्डा ने रविवार को सोलन जिले के अर्की में बूथ स्तर पर एक बैठक ली। इसमें वह सिर्फ बूथ कमेटी के साथ ही बैठे। उन्होंने पार्टी के लिए कार्यकर्ताओं से अगले छह महीने का कार्यक्रम जाना। नड्डा ने कहा कि वह अपने चार दिन के दौरे के दौरान दो दिन बिलासपुर में 30 जगह छोटी-छोटी बैठकें करेंगे। हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज जाएंगे और 12 अप्रैल को एम्स की समीक्षा करेंगे।