राजधानी शिमला में प्याज के दामों से एक सप्ताह के भीतर राहत मिलने की उम्मीद है। यह उम्मीद खुद कारोबारियों ने जगाई है। सब्जी मंडी के अध्यक्ष विशेश्वर नाथ ने कहा कि सात से 10 दिन के भीतर प्याज की नई फसल आना शुरू हो जाएगी। इससे प्याज के दाम कम होने के आसार हैं। हिमाचल सरकार अन्य राज्यों से भी प्याज की मांग कर रही है। बाहरी राज्यों के आढ़तियों का कहना है कि एक सप्ताह के अंदर प्याज का सीजन शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजस्थान और हरियाणा से नई फसल पककर तैयार होने वाली है। यह जल्द मंडियों में पहुंच जाएगी। वहीं, गुरुवार को भी शिमला शहर की लोकल सब्जी मंडी में प्याज 100 रुपये किलो ही बिका। लोगों का कहना है कि प्याज ने उनका जायका खराब कर दिया है। सप्ताह में एक किलो प्याज की खरीद करने वाले भी आधा किलो ही खरीद कर ले जा रहे हैं। वहीं, शहर के उपनगरों में प्याज 100 से लेकर 120 रुपये किलो तक बिक रहा है।