फोरलेन निर्माण के लिए हुई कटिंग के बाद पहाड़ी में आईं दरारें, दिवाली की रात हुआ भूस्खलन, घर के डंगे में भी आईं दरारें
विज्ञापन
घर से लौटने पर चला भूस्खलन का पता
प्रशासन,एनएचएआई से लगाई मदद की गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के भट्ठाकुफर वार्ड में बहुमंजिला भवन जमींदोज होने के बाद एक और भवन फोरलेन की कटिंग के कारण खतरे की जद में आ गया है।
भवन में रहने वाले आठ परिवार खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं। दिवाली की रात भवन के नीचे भारी भूस्खलन हुआ है। भवन में रहने वाले सभी लोग दिवाली मनाने के लिए गांव गए थे। लौटे तो भूस्खलन के बारे में जानकारी मिली। भूस्खलन के कारण भवन के आगे लगे डंगे में भी दरारें आ गईं हैं। भवन मालिक ने बारे में जिला प्रशासन और एनएचएआई से उचित कार्रवाई करने की मांग की। भवन की चार मंजिलें और एक एटिक है। भट्ठाकुफर के संजय वन में स्थित यह यह भवन मेहर दास का है। इनके बेटे अनिल कुमार ने बताया कि फोरलेन निर्माण के लिए की जा रही कटिंग से भूस्खलन हुआ है। इस वजह से उनका बहुमंजिला मकान खतरे की जद में आ गया है। फोरलेन की कटिंग के कारण पहले भी पहाड़ी में दरारें आ गईं थीं। इसको लेकर निर्माण कार्य करने वाली कंपनी ने रॉक वोल्टिंग का काम किया था। इसके बावजूद दिवाली की रात भारी भूस्खलन से भवन खतरे की जद में आ गया है। भवन में उनके परिवार के साथ भाई अजय कुमार का परिवार और किरायेदार रहते हैं। इस बारे में पहले एनएचएआई के अधिकारों को भी अवगत करवाया जा चुका है लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। एनएचएआई के अधिकारी कहते हैं कि उनका भवन 30 मीटर आरओडब्ल्यू के बाहर है, इस वजह से इसका अधिग्रहण नहीं किया जा सकता है। उन्होंने मांग की कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए उनके भवन का अधिग्रहण किया जाए।
माठु काॅलोनी में 30 जून को जमींदोज हुआ था मकान
भट्ठाकुफर की माठु कॉलोनी में भी 30 जून को भारी बारिश के बाद एक साढ़े चार मंजिला मकान ढह गया था। गनीमत रही कि खतरे को देखते हुए पिछली रात को ही मकान को खाली करवा दिया था। यह भवन रंजना वर्मा का था। इसके अलावा भवन में कई किरायेदार भी रहते थे। इस घटना के बाद फोरलेन निर्माण में बरती जा रही लापरवाही का मामले ने तूल पकड़ा था। इसके बाद जिला प्रशासन ने सोलन जिले के साथ लगते क्षेत्र से लेकर ढली तक फोरलेन निर्माण के कारण खतरे की जद में आए क्षेत्रों का निरीक्षण किया था।
विज्ञापन
कोट अधिकारियों को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा। लोगों की सुरक्षा के लिए जो भी उचित कदम होंगे वह उठाए जाएंगे।
-मंजीत शर्मा, एसडीएम ग्रामीण, शिमला