हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले केनगरोटा बगवां पुलिस थाना के तहत ग्राम पंचायत रिन में योल-झियोल संपर्क मार्ग पर एक टैक्सी में चालक की संदिग्ध अवस्था में अधजली लाश मिली है। मृतक युवक की पहचान पंकज (35) योल के टीका बणी के रूप में हुई है। एसएचओ श्यामलाल की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर लाश को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन और डीएसपी सुनील राणा ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। डीएसपी कांगड़ा सुनील राणा ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह रिना गांव के समीप किसी ने सड़क किनारे खड़ी बंद काले शीशे वाली एक टैक्सी में एक अधजली हुई हालत में व्यक्ति को देखकर पंचायत के उपप्रधान विश्वनाथ को सूचित किया। उपप्रधान ने बताया कि कार लॉक थी, उन्होंने मौका पर पहुंचकर नगरोटा बगवां पुलिस थाना में इसकी सूचना दी।