नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश पर शुरू हुई कुल्लू-मनाली के 606 होटलों की जांच पूरी हो गई है। इसमें 90 होटल अवैध पाए गए हैं। ये होटल वन भूमि पर हैं और बिना अनुमति के चल रहे हैं। करीब 200 होटलों में भी कई खामियां पाई गई हैं।
तीन कमेटियों के निरीक्षण के बाद अब संबंधित विभाग एक संयुक्त रिपोर्ट बना रहे हैं। यह रिपोर्ट नौ सितंबर को सरकार के माध्यम से एनजीटी दिल्ली को सौंपी जाएगी। सबकी नजरें इसी सुनवाई पर टिकी हैं। बता दें कि जांच में लेटलतीफी के चलते ट्रिब्यूनल फटकार भी लगा चुका है।
एनजीटी ने पिछली सुुनवाई में कुल्लू-मनाली के सभी होटलों की निशानदेही कर इसकी जांच रिपोर्ट देने के आदेश दिए थे। एक होटल की जांच करने में कमेटी को एक दिन का समय लग रहा था।
ऐसे में पंजीकृत सभी 854 होटल व होमस्टे की जांचकर इसकी रिपोर्ट देने को कहा गया। समय कम होने के चलते प्रदेश सरकार ने दो जगह तीन जांच टीमों का गठन किया और रोजाना 20 होटलों की जांच करने का लक्ष्य निर्धारित किया।