हिमाचल कांग्रेेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि लाठीचार्ज कराने वाले अफसरों पर कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेश भर में कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को न्याय दिलाने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
इस मामले में कांग्रेस झुकने वाली नहीं है। सुक्खू ने विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न और नशा माफिया पर शिकंजा कसने की मांग को लेकर विधानसभा का घेराव कर रहे थे।
युकांइयों के प्रतिनिधि अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन देना चाहते थे परंतु उनको आगे जाने से जबरन रोका गया। कार्यकर्ताओं पर लाठियां चलाई र्गइं। एक दर्जन कार्यकर्ता बुरी तरह के घायल हुए हैं।
इसके विरोध में विधानसभा में विपक्ष को वाकआउट करना पड़ा। उनका कहना है कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कराने वाले अफसरों पर जब तक कार्रवाई नहीं होगी, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।