अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर की जनता को पानी मिले न मिले, लेकिन नगर निगम को वीवीआईपी लोगों के स्वागत की ज्यादा चिंता है। शहर की कई सड़कों पर रविवार को न सिर्फ झाड़ू लगा बल्कि हजारों लीटर पानी बहाकर इन्हें चकाचक भी किया गया।
सड़क और नालियों की सफाई के लिए खास टैंकर भेजे गए।
छोटा शिमला में निगम कर्मी सड़क के साथ साथ नालियाें को भी पानी की फूहारों से चकाचक करते दिखे। इसके अलावा राजभवन आने वाली सड़क भी चकाचक की गई। ढली सब्जी मंडी के बाहर सालों बाद झाड़ू लगा। लोग हैरान थे। निगम उन्हें तो तीसरे और चौथे दिन पानी दे रहा है, लेकिन यहां महज स्वागत के लिए पानी बर्बाद किया जा रहा है। नालियां तक साफ करने के लिए खास टैंकर भेजे गए। अभी तो यह भी तय नहीं है कि राष्ट्रपति का काफिला इस सड़क से गुजरेगा भी या नहीं, लेकिन निगम अपने स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता।
रोज ऐसी सफाई होती तो हम टॉप कर जाते
शहर में झाड़ू और पानी से ऐसी सफाई चल रही है कि लोग भी हैरान है। लोगों का कहना है कि यदि निगम इतनी गंभीरता से रोज काम करता तो राजधानी स्वच्छता सर्वेक्षण में टॉप कर जाती।