विश्वास भारद्वाज
समय: 6:37 मिनट, स्थान : ढली मशोबरा बाईफरकेशन
बाईफरकेशन पर पुलिस के दो एएसआई, चार हेड कांस्टेबल और करीब पंद्रह कांस्टेबल मुस्तैद हैं। वायरलेस सेट पर मेसेज आता है, ... तुरंत ट्रैफिक बंद कर दो। मशोबरा जाने वाले रोड पर तैनात कांस्टेबल सड़क किनारे रखे बैरिकेड्स को बीच सड़क पर ले आते हैं। सड़क बंद होते ही एक के बाद एक चार गाड़ियां कतार में लग जाती हैं। दो मिनट बाद 6:39 बजे वायरलेस पर दूसरा मेसेज आता है। ...गाड़ियां को अभी आगे आने दो। कांस्टेबल सड़क में रखे बैरिकेड हटा कर वाहन चालकों को आगे बढ़ने का इशारा कर देते हैं। तीन मिनट बाद 6:42 बजे वायरलेस पर एक ओर मेसेज ...क्लोज द रोड इमीजेटली। पुलिस कर्मी दोबारा बैरिकेड सड़क के बीचों बीच ले आते हैं।
हेड कांस्टेबल एएसआई से पूछता है ..सर खंभों पर डंडा भी लगा दें? जवाब मिलता है, ..हां, हां लगा दो। सड़क के दोनों ओर ट्रैफिक रोकने के लिए गाड़े गए खंभों पर डंडा लगा दिया जाता है। दो मिनट बाद 6:44 पर हिमाचल प्रदेश सरकार लिखी सफेद रंग की स्कॉरपिओ छराबड़ा की तरफ से बायफरकेशन पर पहुंचती है और मशोबरा सड़क की ओर मुड़ती है। गाड़ी में सवार अधिकारी पुलिस कर्मी को कुछ कहता है। बैरिकेड भी सड़क किनारे हटा दिए जाते हैं और सरकारी स्कॉरपियो आगे बढ़ जाती है। बार बार खंभों पर डंडा चढ़ाने उतारने से पुलिस कर्मी झल्ला गए हैं, एक कांस्टेबल एएसआई से कहता है ...जनाब, डंडे को फिलहाल नीचे ही रखते हैं, अगला मेसेज आने ही वाला होगा। गाड़ी निकलते ही दोबारा बैरिकेड लगा दिए जाते हैं। दो मिनट बाद 6:46 बजे वायरलेस पर फिर मेसेज आता है ...एक टिपर आगे आया है इसे जाने दो। खंभों पर टांगा गया डंडा एक बार फिर नीचे उतार दिया जाता है। इसी बीच छराबड़ा की ओर से पुलिस की जीप बाईफरकेशन पर पहुंचती है। जीप में बैठा अधिकारी पुलिस कांस्टेबल को इशारा कर बुलाता है। तभी ढली चौक की ओर से एक बाइक छराबड़ा की ओर जाने के लिए बाईफरकेशन क्रॉस करती है। सिविल ड्रेस में बाइक पर सवार एक पुलिस कर्मी ने हेलमेट नहीं लगाया है। बिना वर्दी पुलिस कर्मी जीप में बैठे अधिकारी को अपना परिचय देता है इसके बाद बाइक को आगे रवाना कर दिया जाता है। इस बीच गाड़ियों से उतर कर सैलानी भी बाईफरकेशन पर पहुंच जाते हैं और सन सेट के साथ फोटो सेल्फी में जुट जाते हैं। बाईफरकेशन से मशोबरा की ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई है। सैलानी पूछ रहे हैं कि जाम क्यों लगा है लेकिन उन्हें महामहिम के दौरे की जानकारी देने वाला कोई नहीं है।
रात नौ बजे भी बंद छोटा शिमला-संजौली मार्ग
सैकड़ों गाड़ियां जाम में फंसी रहीं, गाड़ियां शहर में छोड़ पैदल घर पहुंचे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राष्ट्रपति का काफिला ठीक सात बजे रीट्रिट से राजभवन की ओर रवाना हुआ। 20 मिनट पहले 6:40 बजे ट्रैफिक रोक दिया गया। काफिला ढली चौक से ठीक 7:16 बजे क्रॉस हुआ। चार मिनट बाद ढली चौक पर वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई। हालांकि छोटा शिमला- संजौली सड़क सहित राजभवन और जाखू की ओर जाने वाली सभी सड़कें देर शाम तक सील ही रही, इस दौरान सैकड़ों गाड़ियां जाम में फंसी रही। जाखू की ओर जाने वाली गाड़ियों के लिए कोई दूसरा विकल्प न होने के कारण लोगों को गाड़ियां शहर में छोड़ पैदल ही घरों तक पहुंचना पड़ा। रात नौ बजे भी छोटा शिमला- संजौली मार्ग बंद रहा। पुलिस ने गाड़ियां रोके रखी जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ढली-संजौली बाईपास, मशोबरा, ढली- टूटीकंडी बाईपास, संजौली लक्कड़ बाजार सड़क सहित अन्य सड़कों पर देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही। एचआरटीसी की रामनगरी ढली मशोबरा, शिमला-अल्वाह, सैंव-मशोबरा और शिमला करसोग सहित करीब एक दर्जन बसों में सैकड़ों यात्री जाम के कारण सड़क बंद होने से बसों में कैद रहे।