पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत अन्य मैदानी राज्यों में अधिक गर्मी होने से पर्यटकों ने हिमाचल प्रदेश का रुख करना शुरू कर दिया है। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर भी वाहनों की अधिक आवाजाही हो गई है। हालांकि अधिकतर पर्यटक कसौली की ओर आ रहे हैं। पर्यटकों की गाड़ियों के कारण कालका-शिमला एनएच पर चंबाघाट के समीप भी रुक-रुककर जाम लगता रहा। इसका मुख्य कारण चंबाघाट के समीप फोरलेन को वन-वे करना भी रहा। इसके अलावा कसौली में बड़़ी संख्या में पर्यटकों के आने से सड़कों पर लंबा जाम लग गया।
कसौली से पहले गढ़खल में दोपहर बाद जाम लगता रहा। गढ़खल बाजार पांच क्षेत्रों से आने वाली सड़कों का केंद्र है, जिससे यहां जाम की स्थिति वैसे ही बनी रहती है। लेकिन बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने से स्थिति और भी विकट हो जाती है। जाम के कारण धर्मपुर से कसौली के लिए निजी बसें भी नहीं चल पाईं।
सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क
पर्यटक कसौली के मुख्य बाजार समेत आसपास के क्षेत्रों में चहलकदमी भी दिखाई दिए। वहीं पर्यटन सीजन और चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। प्रदेश को हरियाणा राज्य से जोड़ने वाले कालका-शिमला एनएच पर हुड़दंग मचाना और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देकर बचकर निकलना आसान नहीं होगा। एनएच समेत पर्यटन स्थलों पर पुलिस कर्मी तैनात है। एनएच के कई क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक नए हाई विजन सीसीटीवी कैमरे से भी नजर रखी जा रही है।