अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पेयजल परियोजनाओं में बिजली कट और लीकेज की समस्या खत्म होने के बाद अब फिर से आधे से ज्यादा शहरवासियों को रोजाना पानी मिलेगा। एक हफ्ते से सभी इलाकों में तीसरे दिन पानी दिया जा रहा था। शहर में पेयजल व्यवस्था संभाल रही कंपनी का दावा है कि संजौली और चौड़ा मैदान जोन के बाद अब सेंट्रल जोन में भी रोजाना पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है।
शहर को रोज पानी देने के लिए करीब 45 एमएलडी पानी चाहिए। परियोजनाओं में इन दिनों पानी का जलस्तर ठीक है। ऐसे में पंपिंग भी 48 एमएलडी से अधिक हो रही है। पंपिंग सुधरने के बाद कंपनी ने शहर में फिर से रोज पानी की सप्लाई देना शुरू कर दिया है। एक हफ्ता पहले तक भी सभी इलाकों में रोज पानी दिया जा रहा था लेकिन फिर बिजली कट और लीकेज के चलते शेड्यूल बिगड़ गया। लेकिन अब सप्लाई सामान्य हो गई है। हालांकि, छोटा शिमला जोन के तहत आने वाले इलाकों में अभी तीसरे दिन ही पानी आएगा। कोटी बरांडी परियोजना से सिर्फ डेढ़ एमएलडी पानी की सप्लाई मिलने और पर्याप्त स्टोरेज टैंक न होने के चलते इस जोन में एक दिन छोड़कर ही पानी की आपूर्ति दी जाएगी।
इन इलाकों में रोज पानी देने का दावा
सेंट्रल जोन के तहत आने वाले मालरोड, लोअर बाजार, कृष्णानगर, बसस्टैंड, चौड़ा मैदान जोन के नाभा, फागली, बालूगंज, समरहिल, टुटू, मज्याठ, कैथू, अनाडेल, संजौली जोन के संजौली बाजार, इंजनघर, सांगटी, ढली आदि इलाकों में अब रोज पानी देने का दावा किया गया है।
लगातार तीसरे दिन 48 एमएलडी से ज्यादा पंपिंग
शहर के लिए लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी 48 एमएलडी से अधिक पानी की पंपिंग की गई है। शनिवार को सभी परियोजनाओं में कुल 48.83 एमएलडी पंपिंग की सूचना है। पूरे शहर में रोज पानी देने के लिए इतना पानी काफी है। लेकिन जरूरी है कि इसका स्तर बनाए रखा जाएगा। निगम अभियंता विजय गुप्ता ने कहा कि लो वोल्टेज की समस्या खत्म होने के बाद पंपिंग सामान्य हुई है। ऐसे में संजौली, चौड़ा मैदान और अब सेंट्रल जोन में रोज पानी दिया जाएगा।