शहरवासियों को अब प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोगों को बिल नंबर उपलब्ध करवाने के लिए नगर निगम ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है। लोग 0177-2650285 फोन नंबर पर कॉल कर अपना बिल नंबर जनरेट करवा सकते हैं। अभी शहरवासियों को टैक्स जमा करवाने से पहले बिल नंबर लेना अनिवार्य है। निगम प्रशासन के मुताबिक हर साल नया बिल नंबर जारी किया जाता है। यह नंबर सिर्फ निगम की कर शाखा जनरेट कर सकती है। यदि किसी व्यक्ति को घर बैठे ऑनलाइन टैक्स जमा करवाना है तो वह कर शाखा में संपर्क कर अपना बिल नंबर जनरेट करवा सकता है। इसके बाद ऑनलाइन टैक्स का भुगतान हो जाएगा। भवन मालिक अपने पुराने बिल का आईडी, मोबाइल नंबर या नाम-पता बताकर बिल जनरेट करवा सकता है। कर सचिव सुरेश शर्मा का कहना है कि लोग सुबह दस से पांच बजे तक फोन कर अपना बिल नंबर पूछ सकते हैं।