शिमला। इस बार विधानसभा चुनाव में जिले के लाखों मतदाताओं ने पिछले चुनाव के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पिछले चुनावों के मुकाबले इस बार जिले मेें चार फीसदी ज्यादा मतदान हुआ है। जबकि महिला मतदाताओं की अपेक्षा पुरुष मतदाताओं के ग्राफ में भी बढ़ोतरी हुई है। जिले में पुरुष मतदाताओं ने महिला मतदाताओं की अपेक्षा 2.1 फीसदी ज्यादा मतदान किया है। जिले में कुल 5 लाख 41 हजार 325 मतदाता हैं। जिले की आठ विधानसभा सीटों में कुल 3,93,427 मतदाताओं ने वोटिंग की है। इसमें 2 लाख 5 हजार 958 पुरुष, जबकि 1 लाख 87 हजार 469 महिला मतदाताओं ने मतदान किया। इस बार पुरुष मतदाताओं का ग्राफ महिला मतदाताओं के मुकाबले बढ़ा है। जबकि, 2012 चुनाव में महिलाओं ने पुरुषों के मुकाबले तीन फीसदी ज्यादा मतदान किया था। पिछले चुनाव में महिलाओं ने 70.45, जबकि पुरुषों ने 67.52 फीसदी मतदान किया था। हालांकि, इस बार के चुनाव में पुरुषों ने महिलाओं की अपेक्षा दो फीसदी ज्यादा का मतदान करते हुए कुल मतदान का दो फीसदी ज्यादा मतदान कर नया रिकॉर्ड बनाया है।
2012 की अपेक्षा 33 हजार ज्यादा पड़े वोट
2012 चुनाव की अपेक्षा इस बार के चुनाव में 33 हजार 655 ज्यादा मतदाताओं ने वोट किया है। पिछले चुनाव में कुल 3 लाख 59 हजार 772 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था, जबकि इस बार के चुनाव में 3 लाख 93 हजार 427 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया है।
जिले की छह विधानसभा सीटों पर पुरुषों ने मतदान के मामले में महिलाओं को पीछे छोड़ा है, जबकि दो सीटों पर महिला मतदाताओं का दबदबा अभी भी बना हुआ है। चौपाल, ठियोग, कसुम्पटी, जुब्बल-कोटखाई, रामपुर और रोहडू में पुरुष मतदाताओं ने महिला मतदाताओं के मुकाबले अधिक मतदान किया है। वहीं, शिमला शहर और शिमला ग्रामीण में महिला मतदाताओं ने पुरुषों को पछाड़ा है।
चुनाव क्षेत्र पुरुष वोटिंग महिला वोटिंग
चौपाल - 76.89 73.36
ठियोग- 75.52 70.45
कसुम्पटी - 67.51 66.37
शिमला शहरी - 63.05 64.55
शिमला ग्रामीण - 72.77 73.35
जुब्बल-कोटखाई - 82.35 78.13
रामपुर - 74.57 73.90
रोहडू - 73.74 69.76