शिक्षा में शून्य निवेश नवाचार कार्यक्रम का शनिवार को पीटरहॉफ शिमला में आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग व श्री और विंदो सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने शिक्षा में नवाचार लाने वाले 34 शिक्षकों को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि नवाचार अध्यापकों ने बैग फ्री डे, प्रश्न बैंक, साप्ताहिक बुद्धिमान, अभिनय से सीखो, छात्र बने शिक्षक, अच्छी बुरी घटनाओं की डायरी, आज का क्या, सबके दादाजी-नानाजी जैसे विभिन्न नवाचार गतिविधियां स्कूलों में शुरू की हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने इनोवेटिव पाठशाला ऐप का भी शुुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नवाचार शिक्षा प्रणाली के तहत बच्चे पढ़ाई को बोझ न समझकर खेल-खेल में पढ़ सकते हैं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि जून 2017 में इस नवाचार के लिए हुए एमओयू के तहत श्री औरविंदो सोसायटी इस क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रही है। एचडीएफसी बैंक भी कॉरपोरेट सोशल रिसपांसिबिलिटी के माध्यम से अपना पूरा सहयोग कर रहा है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने नवाचार पुस्तक का विमोचन भी किया।
इस अवसर पर प्रधान सचिव शिक्षा केके पंत, निदेशक प्रारंभिक शिक्षा रोहित जमवाल, समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक आशीष कोहली, निदेशक औरविंदो सोसायटी संभ्रांत शर्मा सहित विभिन्न जिलों के उपनिदेशक, नवाचार शिक्षक भी मौजूद रहे।