बिलिंग में 17 सितंबर से फिर से मानव परिंदे उड़ान भरेंगे। जिला पर्यटन अधिकारी सुनयना शर्मा ने बताया कि 17 सितंबर से बिलिंग में पायलटों को उड़ान भरने की अनुमति प्रदान की जाएगी। इसी माह के अंत तक पायलटों के दस्तावेजों और अन्य उपकरणों की जांच होगी। नए आवेदकों को उड़ान भरने के लाइसेंस की अनुमति दी जाएगी।
उपमंडल अधिकारी बैजनाथ कार्यालय में साडा की चेयरमैन एवं एसडीएम छवि नांटा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विधायक मुल्ख राज प्रेमी और जिला पर्यटन अधिकारी सुनयना शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहीं। बैठक में नई मंजिल नई राहें के तहत बीड़ बिलिंग घाटी में 10 करोड़ रुपये से होने वाले विकास कार्यों की चर्चा हुई। विधायक ने बिलिंग और बीड़ के लिए प्रस्तावित 92 लाख की राजगुंधा में उठाऊ पेयजल योजना का कार्य जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने बताया कि बिलिंग में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूरा करके सरकार के पास भेजा गया है, जबकि बीड़ में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। लैंडिंग साइट क्योर में बंद पड़े सुलभ शौचालय को सुचारु रूप से शुरू किया जाएगा। चौगान और क्योर में बेतरतीब तरीके से पार्क किए गए वाहनों पर कार्रवाई होगी। बीड़ में पुलिस चौकी की स्थापना को लेकर भी चर्चा हुई। तिब्बती मैनेजमेंट के सहयोग से कूड़े-कर्कट को ठिकाने लगाने के संयंत्र की शीघ्र स्थापना होगी।