ठोलंग में 34 लोगों ने किया रक्तदान
- फोटो : संवाद
अमर उजाला फाउंडेशन ने शनिवार को ट्राइबल टुडे संस्था और जनजातीय धरोहर सुरक्षा समिति के साथ संयुक्त रूप से लाहौल के ठोलंग गांव में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इसमें 34 लोगों ने रक्तदान कर पुण्य कमाया। शिविर का शुभारंभ सहायक आयुक्त संकल्प गौतम और बीआरओ के योजक परियोजना के मुख्य अभियंता विकास गुलिया ने किया। शिविर में सीमा सड़क संगठन, लाहौल-स्पीति पुलिस, हिमधरा पर्यावरण समूह के सदस्यों के साथ कई लोगों ने रक्तदान किया है।
सहायक आयुक्त संकल्प गौतम और बीआरओ के मुख्य अभियंता विकास गुलिया ने कहा कि रक्तदान करने से हम किसी दूसरे व्यक्ति की जान बचा सकते हैं। 73वीं बार रक्तदान करने वाले ठोलंग गांव के सुख दयाल ने कहा कि रक्तदान महादान है। ट्राइबल टुडे के अध्यक्ष शाम आजाद ने 27वीं रक्तदान किया। डीएसपी केलांग मनीष चौधरी ने कहा कि उन्होंने दूसरी बार रक्तदान किया है। शिविर में रक्तदान करने वालों को जिला ब्लड बैंक कुल्लू और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रमाण पत्र दिए गए। इस मौके पर एसडीएम केलांग रजनीश शर्मा और बीएमओ गोंधला डाॅ. ओम प्रकाश भी मौजूद रहे।