शिमला। राजधानी शिमला में कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। बुधवार को जिला शिमला में कोरोना के 21 नए मामले आए। इनमें सर्वाधिक 4 मामले शहर के निजी तेंजिन अस्पताल से आए हैं। बताया जा रहा है कि जिला स्वास्थ्य विभाग को इन पॉजिटिव आए मरीजों की सूचना दी गई है। अधिकांश मरीज होम आइसोलेट कर किए हैं।
राजधानी शिमला के तेंजिन अस्पताल में कोरोना के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि जिन मरीजों में खांसी बुखार के लक्षण हैं, वह मरीज अस्पताल में एहतियात के तौर पर कोरोना जांच के लिए आ रहे हैं। अस्पताल में मरीजों का रैपिड टेस्ट किया जा रहा है। अस्पताल के एमएस डॉ. एमएल कौशल ने यह जानकारी दी है। बताया कि अस्पताल में रैपिड टेस्ट की व्यवस्था है। इसके अलावा जिन मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है, उनकी जानकारी प्रबंधन जिला स्वास्थ्य विभाग को दे रहा है। ऊपरी शिमला के कुमारसेन से तीन, चिड़गांव, रोहड़ू और रामपुर से 2-2 तथा खनेरी और कोटखाई से एक-एक मामला आया है। इसके अलावा जिले में बुधवार को 5626 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। इनमें से 18 से 44 आयु के 4391 लोगों को दूसरी डोज लगी। इसके अलावा वीरवार को जिले के 63 केंद्रों पर कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी।