उपनगरों के लोगों को सड़क
किनारे नहीं खड़ी
करनी पड़ेंगे वाहन, 1100 से ज्यादा वाहनों किए जा सकेंगे पार्क
एमसी द्वारा बनाई जा रही 16 पार्किंग का काम पूरा
स्मार्ट सिटी के तहत भी बन रही चार नई बड़ी पार्किंग अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। नगर निगम अप्रैल माह से राजधानी में 20 नई पार्किंग आम जनता के लिए खोलने जा रहा है। इनमें स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बन रही चार बड़ी पार्किंग शामिल हैं। बाकी 16 पार्किंग नगर निगम तैयार कर रहा है।
इन 16 पार्किंग में करीब 300 वाहन खड़े किए जा सकेंगे। वहीं स्मार्ट सिटी की ऑकलैंड, टुटू, विकासनगर और एसडीए परिसर पार्किंग में 800 से ज्यादा गाड़ियों के लिए सुविधा मिलेगी। इस तरह अप्रैल तक शहर में करीब 1100 से ज्यादा वाहनों को पार्किंग मिल जाएगी। नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने बुधवार को शहर में निर्माणाधीन पार्किंग को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें कनिष्ठ अभियंताओं से उनके वार्ड में बन रही पार्किंग का रिकॉर्ड तलब किया। अभियंताओं ने रिपोर्ट दी कि संजौली, कृष्णानगर, इंद्रनगर, बंगाला कालोनी समेत अन्य वार्डाें में 16 पार्किंग का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। यह जल्द निगम को हैंडओवर होने वाली हैं। यह 20 से 25 वाहनों की क्षमता वाली छोटी पार्किंग हैं। रिहायशी इलाकों के बीच में बनी इन पार्किंग से स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। इन लोगों को अभी सड़क पर गाड़ियां खड़ी करनी पड़ रही हैं। महापौर ने अभियंताओं को इस साल भी अपने वार्डाें में नई पार्किंग बनाने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
हर वार्ड में बनेंगे चेंजिंग रूम
शहर के हर वार्ड में सफाई कर्मचारियों के लिए चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। अभी 16 वार्डाें में निगम के चेजिंग रूम तैयार हो रहे हैं। महापौर ने जल्द इनका काम पूरा करने के निर्देश दिए। इन वार्डाें में सेवानिवृत्त हुए सफाई कर्मचारियों से ही इन चेजिंग रूम का उद्घाटन करवाया जाएगा।
वार्ड पार्षदों से मांगें प्रस्ताव
महापौर ने वार्डाें में नई पार्किंग बनाने के लिए पार्षदों से भी इस बारे में प्रस्ताव भेजने को कहा है। ढली में निगम जल्द ही एक और पार्किंग बनाने जा रहा है। यहां जमीन भी चिह्नित कर ली गई है। पार्षदों को खाली जमीन पर पार्किंग के प्रस्ताव बनाने को कहा है। निगम इसके लिए प्रदेश सरकार से भी बजट लेगा।