प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान में बुधवार को लैब में बिजली न होने के कारण दिनभर टेस्ट सुविधा ठप रही। सरकार ने यहां एसआरएल लैब को टेस्ट करवाने की जिम्मेदारी दे रखी है। लेकिन हैरत इस बात की है कि प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान में टेस्ट की जिम्मेदारी उठाने वाली एसआरएल लैब प्रबंधन के पास बिजली गुल होने पर कोई इंतजाम नहीं है। बुधवार को बिजली गुल होने से दिनभर मरीज परेशान होकर घूमते रहे।
आईजीएमसी में प्रदेशभर से मरीज उपचार करवाने को आते हैं। लेकिन लैब और आईजीएमसी प्रबंधन ने मरीजों की इस समस्या का हल तक करना उचित नहीं समझा। मरीज बिजली आने के इंतजार में पूरा दिन अस्पताल में बैठे रहे और परेशान होते रहे। यही नहीं टेस्ट रिपोर्ट न मिलने से मरीजों डॉक्टर उपचार भी नहीं कर पाए।
आईजीएमसी में मरीज और तीमारदार सुबह ही उपचार के लिए पहुंच गए थे। लेकिन एसआरएल लैब में बिजली गुल होने के कारण दिनभर मरीजों के टेस्ट नहीं हो पाए। इस दौरान मरीज टेस्ट करवाने के लिए दिनभर लैब में भटकते रहे। इस बीच कुछ मरीज और तीमारदार लैब के बहार दुबक के बैठने को मजबूर हो गए।
आईजीएमसी प्रबंधन के पास लैब में बिजली चलने जाने के बाद मरीज के टेस्ट करवाने का दूसरा कोई विकल्प नहीं है। इस दौरान एसआरएल लैब के संचालक मरीज और तीमारदार को कहते रहे जब तक बिजली नहीं आएगी तब तक न ही टेस्ट होंगे और न ही मरीजों को टेस्ट रिपोर्ट मुहैया करवाई जाएगी। इसी बीच लोग परेशान होते रहे।
वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जनकराज ने कहा कि इस बारे में मालूम नहीं है कि एसआरएल लैब में मरीजों के टेस्ट नहीं हुए। एमओयू के आधार पर एसआरएल लैब संचालकों को ही बिजली की सुविधा उपलब्ध करवानी है।
डाक्टर ने कहा टेस्ट रिपोर्ट लाओ
रोहड़ू के राजेश ने बताया कि मंगलवार को एसआरएल लैब में मां के टेस्ट करवाने को दिए हैं। डाक्टर कह रहे हैं कि जल्द टेस्ट रिपोट लाओ, उसके बाद ही उपचार होगा। लेकिन लैब संचालकों की ओर से अभी तक टेस्ट रिपोर्ट नहीं दी गई है।
स्वास्थ्य संस्थान में नहीं कोई इमरजेंसी सुविधा
घुमारवीं से अपनी 78 वर्षीय मां का उपचार करवाने आए संदीप ने कहा कि डाक्टरों ने मां को टेस्ट के लिए कहा। इसके बाद टेस्ट के लिए एसआरएल लैब गए। लैब संचालकों ने बताया कि बिजली नहीं है, बिजली आने के बाद टेस्ट होंगे। इसके बाद मां को टेस्ट करवाने के लिए निजी संस्थान में ले जाना पड़ रहा है। प्रदेश के सबसे बड़े संस्थान के एसआरएल लैब में बिजली चलने जाने का काई इमरजेंसी व्यवस्था नहीं है।
सुबह से बैठे हैं टेस्ट करवाने
एसआरएल लैब के बहार टेस्ट करवाने के लिए अपने पति देवी सिंह के साथ बैठी करसोग की कागदू देवी ने बताया कि लैब में पैसे जमा करवा दिए हैं। बिजली चले जाने के कारण टेस्ट के लिए इंतजार कर रहे है। तीन बज गए है लेकिन अभी भी टेस्ट नहीं हो पाए हैं।
उपचार करवाने आए थे, लेकिन टेस्ट नहीं हुए
आईजीएमसी में उपचार करवाने आए हैं लेकिन यहां पर टेस्ट की सुविधा नहीं है। एसआरएल लैब के बाहर माथे पर हाथ लगाकर बैठी कुल्लू-मनाली की जिरी देवी ने कहा दोपहर हो गई है लेकिन टेस्ट नहीं हो रहे हैं। शाम को वापस घर भी लौटना है।