पेयजल कंपनी में कार्यरत आईपीएच विभाग के आंदोलनकारी कर्मचारियों ने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। ट्रेजरी से तनख्वाह देने की मांग कर रहे कर्मचारियों ने मांगें मानने तक अनशन जारी रखने की चेतावनी दी है। मंगलवार को पहले दिन कर्मचारी मनोज शर्मा, रामलाल और सुरेंद्र क्रमिक अनशन पर बैठे। यह कर्मचारी तीन महीने से बिना तनख्वाह लिए काम कर रहे हैं।
पेयजल कंपनी इन्हें तनख्वाह तो देना चाहती है, लेकिन अपने खाते से जबकि कर्मचारी पहले की तरह ट्रेजरी से तनख्वाह जारी करने की मांग पर अड़े हैं। पेयजल कंपनी में इस समय आईपीएच के 180 कर्मचारी कार्यरत हैं जो पंपिंग और सप्लाई के काम में लगे हैं। इससे पहले भारतीय मजदूर संघ से संबंधित आईपीएच कर्मचारी महासंघ ने गेट मीटिंग की।
कर्मचारियों ने कहा कि धरना-प्रदर्शन के बावजूद पेयजल कंपनी और आईपीएच विभाग उनकी मांगें नहीं मान रहे हैं। ऐसे में अब आंदोलन को उग्र किया जाए। कर्मचारियों ने कहा कि आईपीएच विभाग हर बार बैठक में भरोसा ही दे रहा है। अधिकारी कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से सरकार के समक्ष नहीं उठा पा रहे हैं। ऐसे में अब क्रमिक अनशन किया जाएगा। गेट मीटिंग में संगठन कार्यालय मंत्री दिनेश शर्मा, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के महामंत्री गोपाल झिल्टा मौजूद रहे।