कान्वेंट आफ जीसस एंड मैरी स्कूल के 150वें समारोह में स्कूल की छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर रंग जमाया। इसमें स्लाइड शो के माध्यम से मुख्यातिथि को पूरा विवरण बताया। छात्राओं ने नृत्य नाटिका प्रस्तुत की।
समारोह में छात्राओं ने मुख्यातिथि राज्यपाल और विशेष अतिथि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद सभागार में हुए मुख्य कार्यक्रम में छात्राओं ने जुबली सांग की प्रस्तुति दी।
छात्राओं ने डा.चार्ल्स वास एवीडी के द्वारा निर्देशित नृत्य संगीत नाटिका प्रेम सरिता का मंचन भी किया। इसमें छात्राओं ने हे प्रभु हम तेरे हो गए तू थाम ले..., हे प्यारा है न्यारा प्रांगण हमारा जैसे गीतों और अपने अभिनय से प्रभु के संदेश को दिया।
नृत्य नाटिका के माध्यम से छात्राओं ने जीजस एंड मैरी स्कूल की 150 साल के सफर की गौरवमयी यात्रा का प्रभावशाली विवरण प्रस्तुत किया।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्कूल की स्मारिका का विमोचन भी किया। इससे पूर्व विद्यालय की प्रधानाचार्य सिस्टर शायमा जोश ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
सीएम ने की सराहना
समारोह में बतौर विशेष अतिथि शरीक हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि बीसीएस, ऑकलैंड हाउस स्कूलों के साथ कान्वेंट जीसस एंड मैरी शिमला को पुराने विद्यालयों में गिना जाता है। कहा कि शिमला में अनेक श्रेष्ठ शिक्षण संस्थान हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का गर्व है कि वह इस अवसर पर मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि वह अपने स्कूल के दिनों में इस विद्यालय में आए थे लेकिन उसके बाद इस स्कूल का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि यहां से पढ़कर जाने वाली लड़कियां न केवल सुशिक्षित होंगी, बल्कि अपने जीवन के उत्तरदायित्वों का भी बखूबी निर्वहन करेंगी।